नई दिल्ली। रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि 26 दिसंबर से पहले जिन लोगों ने ट्रेन टिकट बुक करा लिए हैं, उनसे बढ़ा हुआ किराया नहीं लिया जाएगा, भले ही उनकी यात्रा इस तारीख के बाद हो। नई दरें केवल उन्हीं यात्रियों पर लागू होंगी, जो 26 दिसंबर या उसके बाद टिकट खरीदेंगे या यात्रा के दौरान टीटीई से टिकट बनवाएंगे।
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि नए किराए 26 दिसंबर से प्रभावी होंगे। इसके तहत 215 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब प्रति किलोमीटर 1 से 2 पैसे अतिरिक्त देने होंगे।
रेलवे का अनुमान है कि इस संशोधन से उसे हर साल करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, जिसका उपयोग रेल सेवाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन और स्टेशनों के आधुनिकीकरण जैसे विकास कार्यों में किया जाएगा।

छोटी दूरी के यात्रियों को राहत
रेलवे ने यह भी साफ किया है कि 215 किलोमीटर से कम दूरी तय करने वाले यात्रियों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा, उपनगरीय ट्रेन सेवाओं और मंथली सीजन टिकट धारकों के किराए भी पूर्ववत रहेंगे। इससे मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई जैसे महानगरों में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
किराया क्यों बढ़ाया गया
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, परिचालन खर्च में लगातार बढ़ोतरी और बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्यों के लिए यह किराया संशोधन आवश्यक था। रेलवे अपने नेटवर्क के विस्तार, ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर बड़े स्तर पर निवेश कर रहा है।
गौरतलब है कि इसी साल 1 जुलाई को भी रेल किराए में संशोधन किया गया था। उस दौरान नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में प्रति किलोमीटर 1 पैसा और एसी श्रेणी में 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले 2020 में यात्री किराए में संशोधन किया गया था।
