हल्द्वानी। हल्द्वानी की चर्चित व्लॉगर ज्योति अधिकारी की कानूनी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को कुमाऊं मंडल के अलग-अलग जिलों में उनके खिलाफ चार नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें दो मामले ऊधमसिंह नगर जिले में, एक अल्मोड़ा में और एक हल्द्वानी के मुखानी थाने में दर्ज किया गया है।

इससे पहले भी मुखानी थाने में दर्ज एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

आरोप है कि अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर हल्द्वानी में हुए एक प्रदर्शन के दौरान ज्योति अधिकारी ने सार्वजनिक स्थल पर दरांती लहराते हुए सोशल मीडिया पर ऐसे बयान दिए, जो कुमाऊं क्षेत्र की महिलाओं के प्रति अपमानजनक और समाज में विभाजन पैदा करने वाले बताए जा रहे हैं।

रुद्रपुर में भाजपा महिला मोर्चा दक्षिणी मंडल की अध्यक्ष ममता त्रिपाठी ने इस संबंध में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ज्योति ने सार्वजनिक स्थल पर आपत्तिजनक तरीके से वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। वहीं खटीमा की सावित्री चंद और जसपुर कोतवाली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इसी तरह की शिकायतें दर्ज कराई हैं।

अल्मोड़ा जिले के पांडेखोला क्षेत्र की निवासी मीनाक्षी कुवार्बी ने भी ज्योति के खिलाफ तहरीर देते हुए उनके बयानों को आपत्तिजनक बताया है। कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

इसके अलावा, मुखानी थाने में जूही चुफाल की ओर से भी एक नया मामला दर्ज कराया गया है। आरोप है कि ज्योति अधिकारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर जूही को खुलेआम धमकी दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *