देहरादून। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत लगाए जा रहे जनसमस्या समाधान शिविर आम लोगों के लिए बड़ी राहत बनते जा रहे हैं। सरकार की इस पहल के जरिए जनता की समस्याओं का समाधान सीधे मौके पर किया जा रहा है।
13 जनवरी 2026 तक राज्य के सभी 13 जनपदों में कुल 326 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें 2 लाख 51 हजार से अधिक नागरिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई है। इन शिविरों में अब तक 26,722 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 18,123 मामलों का निस्तारण सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
अधिकारियों के अनुसार, शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े 36,682 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर तय समयसीमा में कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही 1,37,641 लोगों को अलग–अलग जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया गया है।
हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा और देहरादून जैसे जिलों में शिविरों में उमड़ी भीड़ यह साबित कर रही है कि यह अभियान आमजन की जरूरतों को सीधे तौर पर संबोधित कर रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष लंबित शिकायतों और आवेदनों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका त्वरित समाधान कर जनता का भरोसा मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस अभियान के जरिए सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद कायम हुआ है, जो विकसित उत्तराखंड की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।
