रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक दुखद सड़क हादसे में पूर्व दर्जा मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेम सिंह के पुत्र महेंद्र सिंह की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घर लौटते समय उनकी बाइक ऊंची ढलान पर अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।

परिजनों के मुताबिक 40 वर्षीय महेंद्र सिंह सोमवार शाम अपने घर लौट रहे थे। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। कई बार फोन करने पर भी उनका मोबाइल बंद मिला। मंगलवार तड़के स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे सिंचाई गूल में एक बाइक गिरी हुई देखी, जिसके नीचे एक व्यक्ति फंसा हुआ था। सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा और शव की पहचान महेंद्र सिंह के रूप में की गई।

घटना की सूचना पर पुलिस चौकी प्रभारी डीएस बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक फिसलने के बाद महेंद्र गूल में फंस गए और रातभर ठंड में पड़े रहने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

परिजनों ने बताया कि महेंद्र सिंह शादीशुदा थे और तीन बच्चों के पिता थे। वह खेती-बाड़ी का काम करते थे। घटना वाले दिन वह अपने ससुराल से बच्चों को घर छोड़कर एक परिचित के यहां गए थे, जिसके बाद घर लौटते समय यह हादसा हो गया।

खतरनाक है घटनास्थल की सड़क

जिस लिंक रोड पर यह हादसा हुआ, वह काफी संकरी और जोखिम भरी बताई जा रही है। सड़क के किनारे लगभग दस फीट गहरी खाई है और किसी भी तरह की सुरक्षा दीवार या पैराफिट नहीं बनाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस खतरनाक सड़क पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

महेंद्र सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार और स्थानीय लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *