देहरादून। राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर राजधानी देहरादून के गांधी पार्क से स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” का संदेश राष्ट्र निर्माण की दिशा में युवाओं को आगे बढ़ने की शक्ति देता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे ‘वोकल फॉर लोकल’ को केवल एक नारा न मानकर इसे जन आंदोलन का रूप दें और अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देकर न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार किया जा सकेगा।
