देहरादून। 23 जनवरी की रात उत्तराखंड के नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जनपदों के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई तेज बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर सड़कें बंद होने से वाहन और यात्री बर्फ में फंस गए, जिसकी सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने त्वरित मोर्चा संभाला।
जिला नियंत्रण कक्ष नैनीताल और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के आधार पर एसडीआरएफ की टीमों ने रामगढ़–मुक्तेश्वर और धानाचुली बैंड क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाया। धानाचुली बैंड में जेसीबी मशीन की मदद से सड़क से बर्फ हटाकर करीब 20 से 25 फंसे वाहनों को सुरक्षित निकाला गया।
वहीं, एसडीआरएफ पोस्ट घनसाली की टीम ने मयाली रोड पर बडियार गांव के समीप बर्फ में फंसे 8 लोगों को उनके वाहन सहित सुरक्षित बाहर निकालकर घनसाली पहुंचाया। बताया गया कि ये सभी लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे।
इसके अलावा उत्तरकाशी स्थित एसडीआरएफ मुख्यालय उजेली की टीम ने लम्बगांव मोटर मार्ग के चौरंगी क्षेत्र में फंसे लगभग 75 लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर बड़ी राहत दिलाई।
एसडीआरएफ की इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई से भारी बर्फबारी के बीच कई लोगों की जान और संपत्ति को सुरक्षित रखा जा सका।
