नैनीताल। राज्य में तेजी से बढ़ रही सर्दी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे प्रदेश में रेन बसेरों की सुविधाओं को मजबूत करने और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। अपने नैनीताल दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी रेन बसेरों में रजाई, कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएँ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि हर जिले में निगरानी टीमों को सक्रिय रखा जाए। शहरों, कस्बों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से गश्त कर यह सुनिश्चित किया जाए कि बेघर व असहाय लोग ठंड से परेशान न हों और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सर्दी के दौरान कोई भी व्यक्ति ठंड से पीड़ित न रहे। इसके लिए नगरीय क्षेत्रों और छोटे कस्बों में शाम के समय अलाव जलाने की व्यवस्था लगातार की जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को आवश्यक सामग्री के प्रबंधन, वितरण और निगरानी से जुड़ी दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि ठंड से बचाव की तैयारियों पर लगातार नज़र रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *