हल्द्वानी। बारिश के बाद शनिवार को हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहा। दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली, जबकि सुबह और शाम ठंड बनी रही। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति अस्थायी है और आने वाले दिनों में मौसम फिर से बदलने वाला है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 27 जनवरी से प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इस दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पर्वतीय इलाकों में तेज बौछारों के साथ बर्फबारी हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ने की आशंका है।
शनिवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जनवरी के अंतिम दिनों में बारिश और हिमपात देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
