देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खास तौर पर 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के आसार जताए गए हैं। वहीं, मैदानी और अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में यह स्थिति 29 जनवरी तक बनी रह सकती है। लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। फिलहाल राज्य में छह राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 66 सड़कें अवरुद्ध हैं, जिससे आवाजाही में परेशानी बनी हुई है।

प्रशासन द्वारा मार्गों को खोलने के प्रयास जारी हैं, वहीं यात्रियों और स्थानीय लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *