हल्द्वानी तहसील में फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र मामले के उजागर होने के बाद प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मिलकर तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसमें स्टांप बैंडरों द्वारा नियमों के विरुद्ध डीड राइटिंग और पेटिशन ड्राफ्टिंग का कार्य शामिल था।
अनियमितताएं मिलने पर एसडीएम ने 15 लोगों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है और इन सभी की अलग-अलग जांच भी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार अधिकारियों ने डीड राइटर, पेटिशन राइटर, स्टाम्प वेंडर, और नोटरी अधिवक्ताओं से वार्ता कर उन्हें नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि तहसील परिसर में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाना अनिवार्य होगा और किसी भी प्रकार की अवैध या अनुचित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में यह भी पाया गया कि आवश्यक रजिस्टरों का रखरखाव सही ढंग से नहीं हो रहा था और कई अनाधिकृत व्यक्ति आवेदकों के निजी दस्तावेज हैंडल कर रहे थे। उपजिलाधिकारी ने कहा कि अनधिकृत गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनकी लाइसेंस भी निरस्त की जाएगी|
