हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण में शुक्रवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला। मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने जिला न्यायालय में उपस्थित होकर अपना मोबाइल फोन अदालत में जमा करा दिया। न्यायालय की निगरानी में विधिवत प्रक्रिया के तहत मोबाइल को सील कर सुरक्षित रख लिया गया है।

इस प्रकरण में नामजद पूर्व विधायक सुरेश राठौर शुक्रवार को अदालत में पेश नहीं हो सके। उनकी ओर से अधिवक्ता ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए अनुपस्थिति का प्रार्थना पत्र दाखिल किया और अगली सुनवाई तक का समय मांगा। अदालत ने आवेदन पर विचार करते हुए मामले की अगली तारीख निर्धारित कर दी है।

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह विशेष जांच दल (एसआईटी) ने हरिद्वार में उर्मिला सनावर से लगभग सवा छह घंटे तक पूछताछ की थी। इस दौरान वायरल वीडियो के स्रोत, उसके प्रसार और डिजिटल साक्ष्यों से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर उनसे सवाल-जवाब किए गए थे। इसी क्रम में आज उनका मोबाइल फोन जांच के लिए अदालत में जमा कराया गया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोशनाबाद स्थित अदालत परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

सुनवाई के दौरान विवेचक इंस्पेक्टर आरके सकलानी, इंस्पेक्टर योगेश दत्त और सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा अपनी टीम के साथ न्यायालय में मौजूद रहे। आगे की कानूनी कार्यवाही अदालत के निर्देशानुसार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *