रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल अलर्ट हैं।

हल्द्वानी कोतवाली के मीटिंग हॉल में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग हुई, जिसमें सुरक्षा के दौरान संयम बनाए रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

क्षेत्र को दो सुपर जोन और चार जोन में बांटकर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इसमें दो एसपी, पांच सीओ, 15 इंस्पेक्टर व एसओ, 45 एसआई और अतिरिक्त पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके साथ ही दो कंपनी पीएसी, दो ड्रोन टीमें, चार फायर यूनिट, ट्रैफिक टीमें, बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस, टियर गैस, एंटी-रायट टीमें और फायरिंग स्क्वाड भी तैनात हैं। ड्रोन से संवेदनशील इलाकों और गलियों की निगरानी की जाएगी।

पुलिस ने जनता को चेतावनी दी है कि मकानों की छतों पर पत्थर, ईंट, मलबा या हथियार जमा न करें, वरना कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने पर भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है।

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे न्यायालय के फैसले का सम्मान करें और क्षेत्र में शांति बनाए रखें। प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *