नैनीताल। ईद और सप्ताहांत के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नैनीताल और कैंचीधाम में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। भारी संख्या में पहुंच रहे पर्यटकों के कारण जाम की स्थिति से बचने के लिए बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

बृहस्पतिवार को काठगोदाम, कालाढूंगी बाईपास, सेनिटोरियम और भीमताल सहित प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस ने बिना पार्किंग सुविधा वाले होटल बुकिंग के साथ आने वाले पर्यटकों के वाहनों को अस्थायी पार्किंग स्थलों पर रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को शटल सेवा और सार्वजनिक वाहनों के माध्यम से नैनीताल और कैंचीधाम भेजा गया।

प्रशासन ने नैनीताल और कैंचीधाम क्षेत्र में बाहरी जिलों से आने वाले दोपहिया वाहनों और टैक्सी बाइकों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था पर्यटकों की सुविधा और शहर में यातायात दबाव कम करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

ईद और अवकाश के चलते पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *