हल्द्वानी| हल्द्वानी में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और कथित अवैध होम डिलीवरी के खिलाफ दवा व्यापारियों और मेडिकल स्टोर संचालकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर की कई मेडिकल दुकानें एक दिन के लिए बंद रखी गईं और व्यापारियों ने सरकार से इस मामले में कठोर कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि बिना डॉक्टर की उचित सलाह और सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन के ऑनलाइन माध्यम से दवाइयों की बिक्री लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उनका कहना है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नियमों की अनदेखी कर भारी छूट देकर दवाएं बेच रहे हैं, जिससे स्थानीय मेडिकल कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन दवा कंपनियों की मनमानी के कारण छोटे मेडिकल स्टोर आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार को ऑनलाइन दवा बिक्री के लिए स्पष्ट और कड़े नियम लागू करने चाहिए।
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री और होम डिलीवरी पर तुरंत नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले प्लेटफॉर्म्स पर सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि दवा विक्रेता हमेशा से स्वास्थ्य सेवाओं का अहम हिस्सा रहे हैं और कोविड काल जैसे कठिन समय में भी उन्होंने लोगों तक दवाइयां पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में छोटे कारोबारियों के हितों की रक्षा करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जा सकता है।
