देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अब वाहन की पहचान सिर्फ उसकी कीमत या मॉडल तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि नंबर प्लेट भी शान और रुतबे का प्रतीक बनती जा रही है। आरटीओ द्वारा आयोजित ताजा ऑनलाइन नीलामी में फैंसी नंबरों को लेकर लोगों की जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिली।
UK07HJ सीरीज के विशेष नंबरों पर हुई नीलामी में सबसे ज्यादा चर्चा 0001 नंबर की रही। इस वीआईपी नंबर को आलोक पुंडीर ने 13 लाख 74 हजार रुपये में अपने नाम किया। इससे पहले भी देहरादून में 0001 नंबर की बोली रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है, और इस बार भी इसका क्रेज बरकरार रहा।
नीलामी में सिर्फ 0001 ही नहीं, बल्कि अन्य पसंदीदा नंबरों पर भी मोटी रकम खर्च की गई। UK07HJ 0003 नंबर शहजाद अहमद ने 4 लाख 87 हजार रुपये में खरीदा, जबकि UK07HJ 0007 नंबर 3 लाख 66 हजार रुपये में बिका।
इस बार आरटीओ की ऑनलाइन नीलामी में कुल 27 फैंसी नंबर शामिल किए गए थे। इनमें कुछ अन्य सौदे भी चर्चा में रहे।
UK07HJ 7777 नंबर पर 1 लाख 80 हजार रुपये, UK07HJ 7000 पर 1 लाख 51 हजार रुपये, जबकि 0999 जैसे नंबर भी हजारों से लेकर लाखों रुपये में बिके।
आरटीओ नीलामी के आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि देहरादून में अब फैंसी नंबर सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि एक तरह की ब्रांड वैल्यू बन चुके हैं। महंगी गाड़ियों के साथ अब लोग रॉयल नंबर प्लेट पर भी खुलकर खर्च कर रहे हैं।
