देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में आयोजित कार्यक्रम में 1035 सहायक अध्यापकों (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि आज से वे उत्तराखंड के भविष्य को गढ़ने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण और उन्हें संस्कारवान नागरिक बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से न सिर्फ व्यक्ति का जीवन संवरता है, बल्कि समाज और राष्ट्र को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को सशक्त करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार दिया गया है। उन्होंने इसे युवाओं के आत्मसम्मान और विश्वास की जीत बताया और कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में शिक्षा विभाग में 11,500 से अधिक नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि 3,500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस मौके पर शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्ब्याल तथा अपर निदेशक कंचन देवराड़ी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
