देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित दून लाइब्रेरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 130वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) के एक वर्ष पूरे होने पर राज्यवासियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 27 जनवरी उत्तराखंड के इतिहास में एक अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने बताया कि आज़ादी के बाद संविधान के अनुच्छेद 44 में समान नागरिक संहिता का प्रावधान किया गया था, लेकिन इसे धरातल पर उतारने का ऐतिहासिक कार्य सबसे पहले उत्तराखंड ने किया।

सीएम धामी ने कहा कि यूसीसी को लागू करना राज्य के लिए एक साहसिक और दूरदर्शी कदम था, जिसे जनता का व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने यह भी कहा कि यूसीसी के लागू होने से सामाजिक समानता और न्याय को मजबूती मिली है तथा यह कानून सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करता है।

मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड की उपलब्धि बताते हुए कहा कि यूसीसी का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *