देहरादून। ऊधमसिंहनगर जिले के किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस मुख्यालय ने जांच को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस एसआईटी की अध्यक्षता एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक नीलश आनंद भरणे करेंगे। टीम को मामले की गहराई से जांच कर निष्पक्ष और पारदर्शी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार इस प्रकरण से जुड़े 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज के चमोली और रुद्रप्रयाग जनपदों में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह कदम जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

एसआईटी में पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट और उपनिरीक्षक मनीष खत्री को शामिल किया गया है। यह टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच करेगी।

पुलिस मुख्यालय ने मृतक द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो और ई-मेल के माध्यम से की गई शिकायतों में लगाए गए आरोपों की भी विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। इन आरोपों में स्थानीय व्यक्तियों और कुछ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और मामले की सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *