देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। परिषद के अनुसार लिखित परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।

इससे पहले सभी विद्यालयों में 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी। परिषद की ओर से परीक्षा तैयारियों को लेकर सभी केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

परिषद की परीक्षा समिति की बैठक बोर्ड के सभापति डॉ. मुकुल कुमार सती की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के बाद बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम की शुरुआत 21 फरवरी को इंटरमीडिएट के ड्राइंग एवं पेंटिंग विषय से की जाएगी, जबकि 23 फरवरी से हाईस्कूल की परीक्षाएं शुरू होंगी।

इस वर्ष कुल 2,16,373 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 1,12,679 परीक्षार्थी हाईस्कूल और 1,03,442 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट स्तर पर पंजीकृत हैं।

परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। परिषद ने परीक्षार्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *