देहरादून। उत्तराखंड में सर्दी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और देर रात ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

पहाड़ी पर्यटन नगरी मसूरी में कड़ाके की ठंड के कारण अटल उद्यान स्थित झील की सतह पर पाले की मोटी परत जम गई है। झील का पानी बर्फ की तरह नजर आ रहा है, जिससे स्थानीय लोग और पर्यटक दोनों हैरान हैं। वहीं राजधानी देहरादून में दिन के समय हल्की धूप जरूर निकल रही है, लेकिन शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ जा रही है।

मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित नैनीताल, पौड़ी और चंपावत जैसे क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर दृश्यता बेहद कम रहने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं और आने वाले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *