देहरादून। ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर निवासी किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के निर्देश जारी किए हैं। इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घटना से जुड़े प्रत्येक तथ्य और परिस्थितियों की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष उजागर होता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीएम धामी ने इस मामले को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *