हल्द्वानी। कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक शहर हल्द्वानी में सोमवार को हुई गोलीकांड की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। नगर निगम के पार्षद एवं भाजपा के मंडल पदाधिकारी अमित बिष्ट उर्फ ‘चिंटू’ ने जज फार्म क्षेत्र के निवासी नितिन लोहनी पर फायरिंग कर दी, जिससे युवक की मौके पर ही जान चली गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को दो गोलियां लगी थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।

घटना के बाद जज फार्म और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *