देहरादून। देहरादून में त्रिपुरा के छात्र की हत्या के मामले को राज्य सरकार ने गंभीर चुनौती के रूप में लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के लिए उत्तराखंड में कोई स्थान नहीं है।

जानकारी के अनुसार त्रिपुरा के उनाकोटी जनपद के नंदानगर क्षेत्र का निवासी एंजेल चकमा कुछ दिन पूर्व कुछ युवकों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। फरार आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को संभावित ठिकानों पर भेजा गया है और पड़ोसी देश नेपाल में भी तलाश की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून तोड़ने वालों के लिए सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने मृतक छात्र के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में रहने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *