देहरादून। उत्तराखंड में सर्दी ने अब अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम दर्ज की गई, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हरिद्वार, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय सड़कों पर कोहरे की मोटी परत देखने को मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, कोहरे के कारण पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। विभाग ने एहतियात के तौर पर कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि 29 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, हालांकि तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 30 और 31 दिसंबर के साथ-साथ एक जनवरी को पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे नए साल की शुरुआत ठंड और भी बढ़ सकती है।
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ नजर आया। देहरादून आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। अमृतसर से देहरादून आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन चार घंटे से अधिक की देरी से स्टेशन पहुंची, वहीं हावड़ा से आने वाली कुंभ एक्सप्रेस भी अपने तय समय से काफी देर से पहुंची। कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखनी पड़ी, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, वहीं रेलवे प्रशासन ने भी यात्रियों को समय-समय पर ट्रेनों की जानकारी लेने की सलाह दी है।
