नई दिल्ली। उत्तराखंड के युवा निशानेबाज़ कल्पेश उपाध्याय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिल्ली में नेशनल राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप के 11वें दिन 15 वर्षीय कल्पेश ने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (.22) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 600 में से 534 अंक अर्जित कर नेशनल क्वालिफिकेशन हासिल किया।
यह कल्पेश का इस स्पर्धा में पहला ही प्रयास था, जिसे उन्होंने बेहतरीन अंकों के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया। इससे पहले भी वे 10 मीटर पिस्टल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर क्वालिफाई कर चुके हैं।
स्पोर्ट्स पिस्टल .22 ओलंपिक श्रेणी की प्रतियोगिता है, जिसमें दो चरण होते हैं। पहले चरण में 300 अंकों का प्रिसिजन राउंड और दूसरे चरण में 300 अंकों का रैपिड फायर राउंड शामिल होता है। कल्पेश ने प्रिसिजन राउंड में 256 और रैपिड फायर में 278 अंक प्राप्त कर कुल 534 अंक जुटाए, जबकि यूथ वर्ग में क्वालिफिकेशन के लिए 515 अंक आवश्यक होते हैं।

बागेश्वर निवासी कल्पेश उपाध्याय उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय के पुत्र हैं। वे नौ वर्ष की उम्र से ही पिस्टल शूटिंग का अभ्यास कर रहे हैं और वर्तमान में होम स्कूलिंग के साथ पूरी तरह शूटिंग पर ध्यान केंद्रित कर ओलंपिक की तैयारियों में जुटे हैं।
नेशनल क्वालिफिकेशन हासिल करने के बाद अब कल्पेश को अभ्यास के लिए .22 पिस्टल और कारतूस विदेश से टैक्स फ्री दरों पर आयात करने की सुविधा भी मिलेगी, जिससे उनके प्रशिक्षण को और मजबूती मिलेगी।
कल्पेश की प्रतिभा को निखारने के लिए उनके पिता ने देहरादून स्थित अपने आवास पर अत्याधुनिक शूटिंग रेंज स्थापित की है, जहां पूर्व बीएसएफ कोच अभिषेक दास रोजाना 12 से 15 घंटे तक उन्हें प्रशिक्षण दे रहे हैं।
कल्पेश की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
