देहरादून। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को लेखक गाँव थानो में आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला-2025 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नव निर्मित अटल प्रेक्षागृह का उद्घाटन करते हुए अटल जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के पीछे अटल बिहारी वाजपेयी का ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यह व्याख्यान माला अटल जी के विचारों, लोकतांत्रिक आदर्शों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को युवाओं तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उनका संपूर्ण जीवन सेवा, सुशासन और मानवीय मूल्यों की मिसाल रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि अटल जी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि भी थे, जिन्होंने अपने शब्दों से समाज को दिशा दी। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें लखनऊ में एबीवीपी कार्यकर्ता रहते हुए अटल जी का मार्गदर्शन और स्नेह प्राप्त हुआ था, जो उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसी ऐतिहासिक पहलों के जरिए भारत को प्रगति के नए रास्ते पर अग्रसर किया। उन्होंने गठबंधन सरकार का पूर्ण कार्यकाल पूरा कर यह प्रमाणित किया कि राष्ट्रीय हित सर्वोपरि हो तो स्थिर सरकार संभव है।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि देश में तेजी से एक्सप्रेसवे, हाईवे और रिंग रोड्स का निर्माण हो रहा है, जिससे आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है। साथ ही अटल जी के नेतृत्व में ही उत्तराखंड राज्य की स्थापना कर वर्षों से चले आ रहे राज्य आंदोलन के सपनों को साकार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार गांवों से शहरों तक, किसानों से युवाओं तक और महिलाओं से श्रमिकों तक हर वर्ग के लिए योजनाएं लागू कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, किसानों की आय वृद्धि में प्रदेश देश में पहले स्थान पर है और युवाओं को रोजगार देने में भी उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल है। नीति आयोग की 2023–24 की सतत विकास रैंकिंग में भी प्रदेश ने पहला स्थान प्राप्त किया है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विदुषी निशंक, प्रेम बुढ़ाकोटी, सुरेश, प्रदीप सरधाना, डॉ. सविता मोहन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *