गैरसैंण। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा राज भवन उत्तराखंड की पहल “एक विश्वविद्यालय–एक योजना” के अंतर्गत आवंटित शोध विषय पर आधारित एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शनिवार, को राजकीय महाविद्यालय गैरसैंण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वंचित वर्ग को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करना है|

यह कार्यक्रम उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र कर्णप्रयाग के निर्देशन में अध्ययन केंद्र 17063, गैरसैंण के सहयोग से आयोजित हुआ। कार्यशाला में गैरसैंण ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. रश्मि सक्सेना, अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ. दुर्गा प्रसाद एवं अन्य शिक्षकों की उपस्थिति में किया गया। अपने संबोधन में डॉ. रश्मि सक्सेना ने कहा कि विश्वविद्यालय को आवंटित इस महत्वपूर्ण शोध को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उच्च शिक्षा से वंचित लोगों को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि समाज का वंचित वर्ग कई बार रोजगार में संलग्न रहने के कारण नियमित विश्वविद्यालयों में प्रवेश नहीं ले पाता। ऐसे लोगों के लिए मुक्त विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक सशक्त और सुविधाजनक माध्यम है, जिससे वे अपने कार्य के साथ-साथ पढ़ाई भी पूरी कर सकते हैं।

वहीं, अध्ययन केंद्र गैरसैंण के समन्वयक डॉ. दुर्गा प्रसाद ने अपने वक्तव्य में कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वंचित वर्ग को उच्च शिक्षा से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय “उच्च शिक्षा आपके द्वार” अभियान के तहत दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक अपने अध्ययन केंद्रों के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रमों की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक योजनाओं, प्रवेश प्रक्रिया एवं उपलब्ध पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *