हल्द्वानी। बनभूलपुरा इलाके से जुड़े रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार, 10 दिसंबर को सुनवाई निर्धारित है। संभावित निर्णय को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियां तेज कर दी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई के दौरान शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। सुरक्षा को दुरुस्त रखने के लिए उन्नत हथियारों और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

नगर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल ने ड्यूटी पर मौजूद जवानों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखने के लिए ब्रीफिंग की। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न संवेदनशील इलाकों — जैसे रेलवे स्टेशन, ढोलक बस्ती, गफूर बस्ती, लाइन नंबर 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इन्द्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, बिलाली मस्जिद, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा तथा फर्नीचर लाइन—में फ्लैग मार्च किया। यह मार्च अंत में थाना बनभूलपुरा में समाप्त हुआ।

फ्लैग मार्च में वरिष्ठ अधिकारियों—पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्रा, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एडीशनल एसपी दीपशिखा अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसडीएम राहुल शाह सहित कई क्षेत्राधिकारी और रेलवे पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आम जनता से अपील की है कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करें और प्रशासनिक प्रक्रिया में सहयोग दें। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, किसी भी प्रकार की भड़काऊ टिप्पणी, अव्यवस्था फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने जैसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी।

पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी निगरानी कड़ी कर दी गई है, और किसी भी अनुचित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *